Pilibhit News: अस्पताल की सील तोड़कर किया संचालन, विभाग ने की कार्रवाई

नगर के सिद्धिविनायक अस्तपताल को सील करते चिकित्सक व मौजूद पुलिस । संवाद
बिलसंडा। कस्बे के सिद्धि विनायक हॉस्पिटल में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद अस्पताल को सील कर दिया गया था। संचालक ने बिना अनुमति अस्पताल खोल लिया। यह मामला अफसरों तक पहुंचा तो शनिवार को अस्पताल फिर सील कर कड़ी चेतावनी दी गई।
थाना क्षेत्र के गांव कनपरी निवासी रामसेवक की पत्नी लौंगश्री को प्रसव पीड़ा होने पर नगर के सिद्धि विनायक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन से बच्चे का जन्म हुआ। कुछ समय बाद ही जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। शिकायत पर सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक को जांच सौंपी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनीष शर्मा अपनी टीम के साथ 25 अगस्त को सिद्धि विनायक हॉस्पिटल पहुंचे और बयान लिए। अभिलेख चेक करने समेत कई बिंदुओं पर जांच की।
जांच रिपोर्ट के आधार पर तहसीलदार अवधेश कुमार हॉस्पिटल सील कर दिया। अस्पताल सील होने के बाद संचालक ने बिना अनुमति उसे खोल कर मरीजों का फिर से इलाज शुरू कर दिया। यह मामला उच्च अफसरों तक पहुंचा। इसके बाद शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की निगरानी में अस्पताल को फिर सील कर दिया गया। इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि तहरीर मांगी गई है, मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।