Pilibhit News: चारा काट रही किशोरी पर बाघ का हमला, घायल


बाघ के हमले में घायल रूपदेई । संवाद
किशोरी की चीख-पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों के आने से खेत में चला गया बाघ
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूरिया (पीलीभीत)। चारा काटने गई किशोरी बाघ के हमले में घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन अधिकारियों ने अस्पताल जाकर किशोरी से घटना की जानकारी ली।
थाना क्षेत्र के गांव चौड़ाखेड़ा के रहने वाले ओमशंकर की 17 वर्षीय पुत्री भूपदेई शुक्रवार दोपहर में घर से 500 मीटर दूरी पर जानवरों के लिए चारा काटने ग्राम कुआंखेड़ा निवासी दशरथ के गन्ने के खेत में गई थी। जब वह चारा काट रही थी तभी उसे खेत में बाघ दिखाई दिया। बाघ को देखकर भूपदेई घबरा गई और भागने की कोशिश की। जब वह खेत से बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी तभी बाघ ने हमला कर दिया। ऐसे में पंजा लगने से किशोरी का एक पैर जख्मी हो गया।
भूपदेई के शोर मचाने पर गन्ने के खेत में काम कर रहे काफी संख्या में लोग आ गए। शोर मचने पर बाघ गन्ने के खेत में चला गया। सूचना पर वन विभाग के रेंजर सहेंद्र कुमार यादव, डिप्टी रेंजर शेर सिंह टीम के साथ पहुंच गए। घायल भूपदेई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत है। घायल भूपदेई को देखने के लिए अस्पताल में एसडीओ दिलीप कुमार तिवारी भी पहुंचे। घटना के बाद से वन विभाग की टीम ने इलाके में गश्त शुरू कर दी है।

बाघ के हमले में घायल रूपदेई । संवाद