पीलीभीत

Pilibhit News: बाघ ने झपट्टा मारा, ट्रैक्टर से गिरकर किसान बेहोश

Connect News 24

Tiger pounces, farmer unconscious after falling from tractor

परिजन के साथ बाघ के झपटृे के बाद सहमा किसान । संवाद

कलीनगर (पीलीभीत)। जंगल से बाहर घूम रहे बाघों की निगरानी के दावों के बीच बृहस्पतिवार को खेत में जुताई कर रहे किसान पर बाघ ने झपट्टा मार दिया। दहशत में वह ट्रैक्टर से गिरकर बेहोश हो गया। बाद में बाघ गन्ने के खेत की ओर निकल गया। परिजन बेहोशी की हालत में किसान को माधोटांडा सीएचसी लाए। जहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।

माधोटांडा क्षेत्र के गांव पिपरिया संतोष में कई दिनों से बाघों की मौजूदगी देखी जा रही है। बृहस्पतिवार को एक बाघ पास के गांव नवदिया सुखदासपुर की सीमा में पहुंच गया। यहां गांव निवासी किसान हृदय नारायण खेत की जुताई कर रहे थे। अचानक पास के खेत से निकले बाघ ने उनपर झपट्टा मार दिया। किसान बेहोश होकर ट्रैक्टर से गिर गया।

आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। बाघ पास के ही गन्ने के खेत की ओर निकल गया। परिजन किसान को निजी वाहन से माधोटांडा सीएचसी लाए। जहां चिकित्सकों ने उपचार किया। चिकित्सक के मुताबिक किसान काफी डर गया है, शरीर का तापमान भी अधिक निकला। स्थिति सामान्य होने के बाद उसे घर भेज दिया। सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू कर दी है। लगातार बाघों की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत है।

कलीनगर पुल के पास भी दिखी बाघ की मौजूदगी

एक अन्य बाघ की कलीनगर पुल के पास मौजूदगी देखी गई। राहगीरों की बाघ पर नजर पड़ी तो दहशत फैल गई। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। सामाजिक वानिकी की टीम भी मौके पर पहुंची। बाघ हरदोई ब्रांच नहर से खारजा नहर की ओर आगे बढ़ गया।

बीसलपुर में डेढ़ सप्ताह से तेंदुआ मचा रहा उत्पात, लोगों में दहशत

संवाद न्यूज़ एजेंसी

बीसलपुर। क्षेत्र में एक तेंदुआ पिछले डेढ़ सप्ताह से उत्पात मचा रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग की टीम लगातार इसकी निगरानी कर रही है।

दियोरिया के जंगल से निकलकर आया एक तेंदुआ पहले गांव रहमानगंज के खेतिहर क्षेत्र में तीन दिन तक डेरा डाले रहा। यहां इसने एक पशु का शिकार भी किया। उसके बाद यह गांव सेफ़ौरा के खेतिहर क्षेत्र में पहुंचा। अगले दिन यह गांव शिवपुरी नवदिया के पास स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के पास तो बाद में गांव बैरा के पास पहुंच गया। यहां इसने दो सियारों का शिकार किया।

अब यह तेंदुआ गांव पिपरैया के पास पहुंच गया है। पिपरिया में इसने बुधवार की शाम एक बछिया का शिकार किया। जानकारी होते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जिस स्थान पर बछिया का शिकार हुआ, वहां तेंदुए के पगचिह्न भी मिले।

ऐसे में गांव पिपरइया के पास वन विभाग की टीम तैनात कर दी गई है, जो तेंदुए की लगातार निगरानी कर रही है। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को खेतों पर न जाने की सलाह दी है। दियोरिया के रेंजर लल्लन स्वरूप दीक्षित ने बताया कि मौके पर विभाग की टीम लगी है, जो निगरानी कर रही है ।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button