Pilibhit News: नेपाल से गभिया के जंगल में पहुंचे दो हाथी


हाथियो के पैरो के निशान । स्रोत – टीम
आबादी क्षेत्र के निकट हाथियों की दस्तक से क्षेत्र में दहशत
संवाद न्यूज एजेंसी
कलीनगर। नेपाल से दो हाथी बृहस्पतिवार रात पिलर संख्या 19 से जनपद सीमा के गभिया के जंगल में पहुंच गए। महाराजपुर गांव की सीमा में हाथियों के पैरों के निशान मिले हैं। सटीक लोकेशन जानने के लिए वन विभाग के कर्मचारी जुटे हैं। आबादी क्षेत्र के निकट हाथियों की दस्तक से क्षेत्र में दहशत है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व की सीमा नेपाल की शुक्ला फांटा सेंचुरी से जुड़ी है। खुली सीमा होने के चलते अक्सर हाथियों की आवाजाही बनी रहती है। दो माह पूर्व हाथियों ने बराही रेंज से सटे मुसापुर गांव में दो किसानों को हमला कर मार दिया था। करीब एक माह तक हाथियों की क्षेत्र में दहशत बनी रही थी।
बृहस्पतिवार देर रात दो हाथी सीमा पिलर संख्या 19 के निकट से जनपद सीमा में घुस गए। साथ ही बूंदीभूड़ गांव की सीमा से होते हुए गभिया के जंगल में पहुंच गए। जानकारी के बाद नौजल्हा वन चौकी के डिप्टी रेंजर सहीर अहमद ने टीम के साथ हाथियों की निगरानी शुरू कर दी है।
फिलहाल महाराजपुर गांव के निकट तक हाथियों के पैरों के निशान मिले हैं। सटीक लोकेशन अब भी वनकर्मियों को नहीं मिल पा रही है। रेंजर अरुण मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि दो हाथियों की मौजूदगी देखे जाने के बाद क्षेत्रीय वनकर्मियों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को सतर्क किया गया है।

हाथियो के पैरो के निशान । स्रोत – टीम