Pilibhit News: पढ़ाई के लिए इंग्लैंड भेजने के नाम पर युवक से लाखों ठगे

राशि मांगने पर दी जान से मारने की धमकी, एसपी से शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पूरनुपर के युवकों ने विदेश में पढ़ाई कराने के लिए इंग्लैंड भेजने के नाम पर लखीमपुर के युवक से आठ लाख रुपये ठग लिए। युवक ने मामले की शिकायत एसपी अतुल कुमार से की है।
जिला लखीमपुर के थाना मैगलगंज के गांव रहजनिया निवासी संदीप सिंह पुत्र कुलवंत सिंह ने एसपी अतुल कुमार को शिकायती पत्र दिया है। आरोप है कि वह आगे की पढ़ाई के लिए विदेश जाना चाहता था। जिसको लेकर वह कोतवाली पूरनपुर के रहने वाले दो युवकों से चार फरवरी को मिलने कस्बे में ही स्थित उनके कार्यालय पर गया। जहां उन्होंने इंग्लैंड भेजने के नाम पर आठ लाख रुपये की मांग की।
इस दौरान उससे 30 हजार नकद, पासपोर्ट व इंटर की अंकतालिका मांगी गई। इसके बाद उससे आठ मई को 10 हजार, 27 जुलाई को चार लाख, 24 अगस्त को ढाई लाख और 25 अगस्त को 50 हजार रुपये और लिए गए। इसके बाद 27 अगस्त को 50 हजार रुपये उसने और दिए। इस प्रकार कुल आठ लाख रुपये दोनों युवकों ने ले लिए।
संदीप का आरोप है कि इसके बाद भी उसे इंग्लैंड भेजने की व्यवस्था नहीं की गई। अब दोनों युवक न तो रुपये वापस कर रहे है और न ही उसके शैक्षिक व अन्य कागजात दे रहे हैं। कागजात मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।