Pilibhit News: गेहूं क्रय केंद्रों के दो प्रभारी नदारद मिले
डिप्टी आरएमओ की रिपोर्ट पर वेतन आहरण पर रोक लगाई गई
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। शासन की ओर से गेहूं खरीद का लक्ष्य पूूरा करने के लिए आदेश जारी किए गए हैं। वहीं केंद्र प्रभारी लापरवाही बरत रहे हैं। डिप्टी आरएमओ को निरीक्षण के दौरान दो केंद्र प्रभारी नदारद मिले। उनकी रिपोर्ट पर जिला खरीद अधिकारी ने दोनों के वेतन आहरण पर रोक लगाने और दोबारा से प्रभारी न बनाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके अलावा पिछले माह ऑनलाइन पोर्टल की हाजिरी में नदारद मिले चार केंद्र प्रभारियों पर भी कार्रवाई की गई है।
गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा करने के लिए शासन की ओर से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, तो वहीं केंद्र प्रभारियों की लापरवाही भी उजागर हो रही है। गेहूं खरीद को लेकर डिप्टी आरएमओ ने मंडी समिति स्थित गेहूं क्रय केंद्रों का बृहस्पतिवार को जब निरीक्षण किया तो, वहां पर यूपीएसएस के सेंटर नंबर 5, 6 और 13 के दो केंद्र प्रभारी नदारद मिले। लापरवाही को लेकर डिप्टी आरएमओ वीके शुक्ला ने केंद्र प्रभारियों नितिन अग्रवाल और मुुशाहिद अली के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की है।
जिसके बाद अपर जिलाधिकारी राम सिंह गौतम ने प्रभारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने के सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को निर्देश दिए हैं। डिप्टी आरएमओ वीके शुक्ला ने बताया इससे पहले ऑनलाइन हाजिरी में गैरहाजिर मिलने वाले अमरिया, उदयपुर घुंघचाई, रसयाखयनपुर, सुल्तानपुर के केंद्र प्रभारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की संस्तुति की गई है।