Pilibhit News: बिजली का बिल सही कराने पर सुविधा शुल्क की मांग पर हंगामा

शेरपुर कला में पुलिस चौकी पोस्ट के गेट पर प्रदर्शन कर रहे लोगो को समझाते जेई ।
उपभोक्ता ने साथियों के साथ पुलिस चौकी पोस्ट पर धरना देकर किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। ओटीएस में बकाया जमा करने के बाद भी 14 सौ रुपये का बिल मिलने और मीटर रीडर के बिल ठीक कराने पर पांच सौ रुपये मांगने पर उपभोक्ता अपने साथियों के साथ काफी हंगामा किया। इसके साथ ही पुलिस पर भी अभद्रता का आरोप लगाया। साथ ही अर्धनग्न होकर पुलिस चौकी पोस्ट पर धरना दिया।
शेरपुरकलां निवासी सलमान खान ने बताया कि ओटीएस योजना में उसने दो दिन पहले ही बकाया जमा कर रसीद ली थी। इसके बाद भी मीटर रीडर ने 14 सौ रुपये का बिल उसे थमा दिया। आरोप है कि विरोध पर मीटर रीडर ने बिल सही कराने के लिए पांच सौ रुपये सुविधा शुल्क की मांग की।
इस पर एकत्र हुए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। शिकायत को सलमान अपने समर्थकों के साथ पुलिस चौकी पोस्ट पहुंचा। उसका आरोप है कि भीड़ देकर पहुंचे दो कांस्टेबलों ने उसे गालियां दी। इसके विरोध में सलमान ने अर्धनग्न होकर पुलिस चौकी पोस्ट के बाहर समर्थकों के साथ धरना देकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जेई ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को बमुश्किल शांत किया। बाद में दोनों ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। जेई आशुतोष पांडेय ने बताया कि रीडिंग लेकर बिल निकालने पहुंचे मीटर रीडर की पिटाई की गई। कोतवाल प्रवीण कुमार ने बताया कि बिजली बिल को लेकर मीटर रीडर और सलमान में विवाद हो गया था, बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पुलिसकर्मियों पर तो बेवजह आरोप लगाए गए हैं।

शेरपुर कला में पुलिस चौकी पोस्ट के गेट पर प्रदर्शन कर रहे लोगो को समझाते जेई ।