Pilibhit News: नेपाल बार्डर पर बढ़ेगी सतर्कता.. चेकिंग के आदेश
एडीजी और आईजी ने बैठक कर दिए कई निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। अपर पुलिस महानिदेशक पीसी मीना एवं पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ नगर निकाय चुनाव सकुशल संपन्न्न कराए जाने के लिए बैठक की। एडीजी ने कहा कि चुनाव सिर पर है, नेपाल बाॅर्डर पर चेकिंग बढ़ाएं।
एडीजी ने कहा कि द्वितीय चरण में 11 मई को मतदान होना है। इसको सकुशल सम्पन्न कराए जाने के लिए कार्ययोजना पहले से ही तैयार कर ली जाए। आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाए। जिन लोगों से शांति भंग का खतरा है, उनके खिलाफ पहले ही निरोधात्मक / वैधानिक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद प्रयागराज की घटना के दृष्टिगत पुलिस गश्त / अभिसूचना इकाइयों की सतर्कता बढ़ाई जाए, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। सभी बैरियरों पर संचार माध्यमों की व्यवस्था रहे। मतदान के दिन डायल 112 के वाहनों का रूट चार्ट एवं उनकी ड्यूटी के स्थान पहले ही तय करें। चुनाव ड्यूटी में दूसरे जनपदों से आने वाली पुलिस बल के ठहरने की व्यवस्था पहले से ही कर ली जाए।
बैठक के बाद अधिकारियों ने ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए मतदान स्थल का निरीक्षण कर प्रकाश, पेयजल आदि भौतिक सुविधाओं को उपलब्ध कराने के आदेश दिए।
सोशल मीडिया पर रहेगी निगरानी
अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। सोशल मीडिया पर प्राप्त होने वाली छोटी से छोटी सूचना पर तत्काल कार्रवाई के आदेश भी दिए। साथ ही कहा कि आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए।