Pilibhit News: किसानों पर हुई कार्रवाई वापस न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी

पूरनपुर में एसडीएम को ज्ञापन देते अन्नदाता किसान यूनियन के कार्यकर्ता ।
अन्नदाता किसान यूनियन ने की एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। अन्नदाता किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर पराली जलाने पर किसानों के खिलाफ हुई कार्रवाई को वापस कराने की मांग की। साथ ही विभिन्न कारखानों, ईंट भट्ठों से निकलने वाले धुएं पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में किसानों पर हुई कार्रवाई वापस न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
ज्ञापन में कहा गया कि पराली जलाने पर प्रशासन प्रदूषण होने की बात कहकर किसानों पर जुर्माने की कार्रवाई करता है। जबकि मुझा रोड पर नगर पालिका के एमआरएफ सेंटर के बाहर लगे कूड़े के ढेर में अक्सर आग लगाई जाती है। जिससे घंटों धुआं निकलता है। ईंट भट्ठों की चिमनियों से भी धुआं निकलता है।
धान सुखाने के लिए राइस मिलों में ड्रायर चलाने पर धुआं उठता है। मगर मात्र किसानों पर कार्रवाई हो रही है। ज्ञापन में किसानों के साथ उक्त लोगों पर भी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही किसानों पर की गई कार्रवाई को वापस कराने की मांग की गई। कार्रवाई वापस न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। ज्ञापन देने वालों में गुरविंदर सिंह, बलजिंदर सिंह, गुरमीत सिंह, सतेंद्र सिंह आदि किसान शामिल थे।