पीलीभीत

Pilibhit News: प्रसव के बाद महिला की मौत, डाॅक्टरों पर लापरवाही का आरोप

Connect News 24

मेडिकल कॉलेज से निजी अस्पताल भेजने का भी आरोप

संवाद न्यूज एजेंसी

पूरनपुर। सीएचसी में प्रसव के बाद चंदिया हजारा निवासी रूपचांद की पत्नी निमिता (20) की हालत खराब हो गई। सीएचसी से महिला को जिला अस्पताल भेजा गया। पति का आरोप है कि डाॅक्टर ने रेफर कागज रख लिए व निजी अस्पताल भेज दिया। निजी अस्पताल ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। पति रूपचांद का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही से पत्नी की मौत हुई है। उच्च अफसरों से शिकायत कर कार्रवाई कराई जाएगी।

रूपचांद ने बताया कि पिछले साल उसकी शादी न्यूरिया कॉलोनी निवासी निमिता से हुई थी। प्रसव पीड़ा के चलते निमिता को शुक्रवार को सीएचसी में भर्ती कराया गया। रात को प्रसव के बाद बच्चे का जन्म हुआ। कुछ देर बाद उसकी पत्नी की अचानक हालत बिगड़ गई।

सीएचसी से निमिता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरोप है कि जिला अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उससे रेफर के कागज ले लिए और हालत खराब होने का हवाला देकर बरेली न रेफर कर पीलीभीत शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया गया।

पत्नी को निजी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। शनिवार को निमिता का अंतिम संस्कार कर दिया गया। रूपचांद ने पूरे मामले की जानकारी ग्राम प्रधान को दी। रूपचांद ने बताया कि पूरे मामले की शिकायत उच्च अफसरों से कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।

सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अनिकेत गंगवार ने बताया कि रक्तस्राव अधिक होने पर युवती को रेफर किया गया था। पूरे मामले की जांच की जाएगी।

0000

निजी अस्पताल में गर्भवती की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

पीलीभीत। माधोटांडा रोड पर शहर के एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान गर्भवती महिला की मौत हो गई। जिससे गुस्साए परिजनों ने हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक परिवार ने अस्पताल के डॉक्टर से समझौता कर लिया। ऐसे में मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।

मामला एक निजी अस्पताल का है। सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के चिड़ियादाह निवासी अनिल वर्मा की पत्नी लक्ष्मी (22) को शुक्रवार को दोपहर संबंधित अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतका के भाई दियूरा कल्यानपुर निवासी सुम्मेलाल ने बताया कि अस्पताल के डॉक्टर ने गलत तरीके से ऑपरेशन कर दिया, जिसकी वजह से उसकी बहन की मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक ऑपरेशन के दौरान महिला की तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी, लेकिन डॉक्टर ने कोई भी बात नहीं बताई। शहर के एक अन्य डॉक्टर देर रात देखने आए थे। रात करीब दो बजे लक्ष्मी की मौत की सूचना मिली। इधर महिला की मौत पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से बात कर मामला शांत कराया। हालांकि बाद में परिवार के लोगों ने समझौता कर लिया।

बिना नवीनीकरण चल रहा अस्पताल

जिस अस्पताल के डॉक्टर पर गलत ऑपरेशन से महिला की मौत का आरोप है वह पिछले काफी समय से बिना नवीनीकरण चला रहा है। इस अस्पताल में मरीज की मौत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मौत हुई है, लेकिन अब तक कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी और न ही विभागीय अफसरों ने इस ओर ध्यान दिया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button