Pilibhit News: आप सांसद की गिरफ्तारी पर भड़के कार्यकर्ता, दिया धरना

कलक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट वेदप्रकाश मिश्रा को ज्ञापन सौंपते भाकियू कार्यकर्ता। संगठन
राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग, सिटी मजिस्ट्रेट को दिया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर आप कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट तिराहे पर धरना दिया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की गई है।
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के आवास पर ईडी ने 12 घंटे तक जांच प्रक्रिया चलाई। आठ दिनों तक उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ।
इसके बावजूद सांसद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। ज्ञापन में कहा गया है कि शराब घोटाले के मुख्य अभियुक्तों ने 14 बार ईडी को बयान दिए, लेकिन उन बयानों में कहीं संजय सिंह का नाम नहीं लिया। सांसद कोई अनजान व्यक्ति नहीं है।
ज्ञापन में कहा गया है कि संजय सिंह ने मणिपुर हिंसा के खिलाफ सदन में आवाज उठाई तो उन्हें राज्यसभा से पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया और आज तक वह निलंबित हैं।
सांसद लगातार दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज उठाते रहे हैं। सरकार से सवाल पूछते रहे हैं। संजय सिंह ने समय-समय पर किसानों के हितों की रक्षा के लिए काम किया है।
ज्ञापन में संजय सिंह के खिलाफ पूरा मामला फर्जी बताते हुए उनकी गिरफ्तारी को लेकर हस्तक्षेप कर कार्रवाई करने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा, सुनीता गंगवार, आशीष गुप्ता, बनवारी लाल, संजय कुमार, राम सिंह आदि शामिल रहे।