Pilibhit News: हादसे के बाद युवक की लगाई पिटाई, मौत
पीलीभीत। बाइक की टक्कर से युवक के घायल होने के बाद प्रधान व उसके पुत्र समेत अन्य लोगों ने चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई ने जहानाबाद पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जहानाबाद के गांव रंपुरा मिश्र निवासी वीरेंद्र पाल ने बताया कि उनके भाई योगेंद्र पाल 26 अक्तूबर की शाम साढ़े आठ बजे पीलीभीत से बाकरगंज होते हुए गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनके भाई की बाइक किसी से टकरा गई थी। वहां से गुजर रहे हरिओम गंगवार व सैंजना के मोहित कुमार ने बताया कि 26 अक्तूबर को वह लोग कुंडरा कोठी की ओर से जा रहे थे। वहां पर गांव बाकरगंज के पूर्व प्रधान जाफर अली के मकान के पास पहुंचे तो देखा कि प्रधान चिल्लाते हुए अपने पुत्र सद्दाम, जुल्फिकार इजहार को बुलाते हुए योगेंद्र की तरफ एक्सीडेंट करने की बात कहकर उसे पीटने की बात कह रहा था। इसके बाद सभी लोग लाठी डंडों से लैस होकर वहां पहुंचे और योगेंद्र को पीटना शुरू कर दिया। पिटाई से हेलमेट भी टूट गया। योगेंद्र के बेहोश होने पर उसे पास में फेंक दिया। इलाज के दौरान योगेंद्र की मौत हो गई।
मृतक के भाई वीरेंद्र पाल ने मामले की तहरीर थाना जहानाबाद पुलिस को दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पूर्व प्रधान व उसके दोनों बेटों समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।