Pilibhit News: जगबूड़ा नदी पार करते समय फिसली बाइक, डूबने से युवक की मौत
कलीनगर। सीमावर्ती गांव नौजल्हा नंबर दो निवासी युवक की जगबूड़ा नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक नदी के कच्चे रास्ते से होकर बूंदीभूड़ जा रहा था। बाइक फिसलने से हादसा होने की बात सामने आई है। रमनगरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
माधोटांडा क्षेत्र के सीमावर्ती गांव नौजल्हा नंबर दो निवासी आराधन के पुत्र समीर देवनाथ (33) शुक्रवार करीब 11 बजे गांव के ही कृष्णा के साथ बूंदीभूड़ गांव में चल रहे क्रिकेट मैच को देखने बाइक से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जगबूड़ा नदी के कच्चे रास्ते पर पहुंचते ही कृष्णा बाइक रोककर शौच करने लगा। उधर, नदी को पार करने की बात कहकर समीर बाइक को अकेली ही आगे ले जाने लगा। कुछ दूर जाते ही रास्ता संकरा होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई। समीर बाइक के साथ नदी में गिर गया। डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथी कृष्णा की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव को नदी से बाहर निकाला गया। जानकारी के बाद रमनगरा चौकी प्रभारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। समीर दो भाइयों में बढ़ा था। उसकी दो विवाहित बहनें भी हैं।
15 दिन बाद होनी थी शादी, मातम में बदलीं खुशियां
समीर की गभिया सराय निवासी युवती से शादी तय हो गई थी। 15 दिन बाद उसकी शादी होनी थी। दोनों ही घरों में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। परिजन शादी की तैयारियों में जुटे थे। हादसे की जानकारी के बाद दोनों तरफ के लोगों की सारी खुशियां मातम में बदल गईं।