Pilibhit News: मगरमच्छ के हमले में युवक घायल
कलीनगर। फसल में दवा के छिड़काव के लिए मशीन में पानी भरने नहर पर पहुंचे युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। माधोटांडा क्षेत्र के गांव नारायणपुर बुजुर्ग निवासी वीरेंद्र पाल रविवार को क्षेत्र के गांव हरीपुर स्थित खेत पर फसल में दवा का छिड़काव करने पहुंचा था। छिड़काव से पूर्व मशीन में पानी भरने के लिए पास में स्थित खारजा नहर पर पहुंचा। इस दौरान अचानक पानी से निकले मगरमच्छ ने युवक का पैर जकड़ लिया। शोर मचाने पर किसी तरह युवक ने पैर छुड़ाया। इसके बाद उपचार के लिए माधोटांडा सीएचसी पहुंचा। चिकित्सकों ने उपचार कर युवक को घर भेज दिया। संवाद
सांड़ ने महिला को उठाकर पटका
अमरिया। थाना क्षेत्र के गांव की महिला को सांड़ ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। गांव देवरनिया निवासी शांति देवी (50) पत्नी अशफी लाल रविवार की दोपहर गांव में ही अपने दूसरे घर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान आवारा पशु ने उन पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौजूद ग्रामीणों ने बमुश्किल पशु से बुजुर्ग महिला छुड़वाया। एंबुलेंस की मदद से महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया। संवाद