Pilibhit News: अलीगढ़ से पीलीभीत पहुंचा युवक सुनगढ़ी क्षेत्र से लापता
अमरिया। दो दिन पूर्व अलीगढ़ से घर लौटते समय लापता हुए युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। युवक के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए परिवार के लोगों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गांव गायबोझ निवासी मकसूद अहमद का 24 वर्षीय पुत्र मोहम्मद यूसुफ अलीगढ़ में बंधन बैंक में कार्यरत है। वह शनिवार को अलीगढ़ से ट्रेन से घर लौट रहा था। परिवार के लोगों ने बताया कि शनिवार रात लगभग 11 बजे पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर उतरकर सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव चिढ़ैयादाह में अपनी ननिहाल के लिए चला था। नानी के घर पहुंचने के लिए युवक ने अपने मामा इलियास को फोन कर बताया था कि घर का दरवाजा खुला रखना, वह कुछ देर में आ जाएगा। जब काफी देर तक युवक मामा के घर नहीं पहुंचा तो मामा ने उसे फोन लगाया। घंटी बजती रही, लेकिन फ़ोन रिसीव नहीं हुआ। लगभग रात्रि 12 बजे के बाद युवक का मोबाइल बंद हो गया। रिश्तेदार एवं स्वजन युवक की खोजबीन में लगे हुए हैं। दो दिन गुजरने के बाद भी लापता हुए युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है। सोमवार को युवक के चाचा मोहम्मद अकरम ने लापता हुए युवक मोहम्मद यूसुफ की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।