बारिश बनी मुसीबत: पीलीभीत में उफनाई शारदा, घरों में भरा पानी; गजरौला में दीवार गिरने से मवेशी मरे

सड़क पर बह रहा बाढ़ का पानी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पिछले कई दिनों से पहाड़ों और मैदानी इलाकों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे शारदा नदी फिर से उफान पर बहने लगी है। रविवार रात बनबसा बैराज से शारदा नदी में डेढ़ लाख क्यूसेक से अधिक पानी से शारदा में छोड़ा गया है, जिससे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर बढ़ने से गांव चंदिया हजारा, राहुल नगर, कॉलोनी नंबर छह के घरों में पानी भर गया है, जिससे लोगों की मुसीबत बढ़ गई है।
जिले में अब तक 40 मिमी बारिश हो चुकी है। बारिश ने शहर की सूरत बिगाड़ दी है। निचले हिस्सों के साथ ही सड़कों पर जलभराव होने से वाहन चालकों को खासी परेशानी हुई। बारिश के बीच शारदा नदी में फिर से जलस्तर बढ़ने लगा है। सोमवार को इस सीजन में चौथी बार नदी का पानी गांवों में घुसने से ग्रामीणों के सामने बड़ी समस्या हो गई है। बाढ़ से निपटने के प्रशासन के प्रयास न हो पाने से लोगों में आक्रोश है।
ये भी पढ़ें- सौहार्द रखा कायम: बरेली में उर्स के पहले दिन बनी ऐसी स्थिति, बारिश में भीगते जवान बन गए दीवार, देखें वीडियो
बताया जा रहा है कि बीती रात बनबसा बैराज से शारदा नदी में पानी डिस्चार्ज किया गया, जिससे नदी से सटे इलाके में बाढ़ के हालात बन गए। कलीनगर तहसील क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। पूरनपुर क्षेत्र में भी शारदा नदी उफान पर बह रही है। नदी का पानी चंदिया हजारा बंगाली कॉलोनी व राहुल नगर में घुस गया है। कई घरों में पानी भरने से ग्रामीण सामान छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले गए।