Rain in Bareilly: बारिश ने बिगाड़ी शहर की सूरत, विकास के नाम पर वोट मांगने आए नेताजी भी जलभराव में फंसे

जलभराव से लोगों को हुई परेशानी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में सोमवार शाम हुई बारिश ने एक घंटे में ही शहर की सूरत बिगाड़ दी। प्रमुख इलाकों में लोग जलभराव से जूझते रहे। स्कूटी जलभराव में बंद होने से उसे खींचते दिखाई दिए। निचले इलाकों से तो देर रात तक पानी नहीं निकला। वहीं, शहर में चुनाव प्रचार कर रहे एक नेताजी भी जलभराव में फंस गए।
नगर निगम के अफसर सफाई व्यवस्था के तमाम दावे करते हैं और हर बार एक घंटे की बारिश ही सारे उसकी खोल देती है। सोमवार की शाम बारिश शुरू हुई तो सिर्फ तीस मिनट में सुभाषनगर पुलिया के नीचे से लोगों का निकलना दूभर हो गया। यहां जलभराव इतना बढ़ गया कि दोपहिया वाहन फंसकर बंद हो गए और सवारियां लेकर आ रहे कई ई-रिक्शा फंस गए। धक्का देकर लोग वाहन निकालते रहे।
बदायूं रोड पर भी यही स्थिति रही। मटकी चौकी पर गलियों में भी जलभराव हो गया। घुटनों तक पानी से होकर लोगों को गुजरना पड़ा। संजयनगर में अधूरी सड़क का दर्द लोग झेलते रहे। बांस मंडी और सिकलापुर में भी ऐसा ही हाल रहा। हजियापुर में घरों तक पानी पहुंच गया और देर रात तक पानी नहीं निकल सका।



