Rampur: डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर, दो लोगों की हुई मौत; 12 अन्य घायल

प्रीतम सिंह का फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रामपुर-बाजपुर राजमार्ग पर मोतीपुरा गांव के सामने बृहस्पतिवार की देर रात डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि 12 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों को स्वार और उत्तराखंड के काशीपुर स्थित अस्पताल भेज दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है जबकि डंपर कब्जे में लिया गया।
स्वार कोतवाली की मसवासी पुलिस चौकी अंतर्गत मंसूरपुर गांव निवासी लक्ष्मी नारायण की बहन क्षेत्र के मोतीपुरा गांव में ब्याही थी जिनका निधन हो चुका है। लक्ष्मी नारायण के भांजे राजीव की आज शुक्रवार के दिन शादी है। लक्ष्मी नारायण बृहस्पतिवार की शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली से भात लेकर मोतीपुरा आये थे। भात में 12-15 रिश्तेदार व परिचित शामिल थे। भात की रस्म और प्रीतिभोज के बाद देर रात लगभग साढ़े 12 बजे सभी लोग वापस मंसूरपुर के लिए रवाना हुए।
ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही गांव से निकल कर रामपुर-बाजपुर राजमार्ग पर आई स्वार दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी जिससे ट्रॉली दूर जा गिरी। ट्रॉली में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। मोतीपुरा के ग्रामीण तत्काल मौके पर आ गए। दुर्घटना के फौरन बाद चालक डंपर छोड़कर भाग चुका था। ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया तब तक प्रीतम सिंह (50) पुत्र गोमद निवासी मंसूरपुर ऑफ देवी राम निवासी चाऊपुरा मसवासी की मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने यशवंत सिंह पुत्र लखपत सिंह, राजेन्द्र पुत्र लक्ष्मी नारायण, उर्मिला पत्नी सर्वेश, देवा(5) पुत्री हरीश और सुनीता पत्नी राजेन्द्र निवासीगण मंसूरपुर को घायल अवस्था उठाया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और मसवासी चौकी पुलिस मौके पर आ गई। मंसूरपुर के प्रधान विकास कुमार मौर्य भी दुर्घटना स्थल पर पहुँच गए। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। डंपर कब्जे में लेकर मानपुर उत्तरी तिराहे पर खड़ा करा दिया गया। इस बीच घायलों को स्वार सीएचसी भेज दिया। यहां से यशवंत सिंह, राजेन्द्र और सुनीता को उत्तराखंड स्थित काशीपुर के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। ग्राम प्रधान विकास कुमार मौर्य ने बताया कि लगभग छह-सात और लोग भी मामूली तौर पर चोटिल हुए हैं जिन्हें घर भेज दिया गया।