Rampur: बिजली मिस्त्री की चाकू से गला रेतकर हत्या, परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

(सांकेतिक तस्वीर)
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
रामपुर थाना सिविल लाइन क्षेत्र में बृहस्पतिवार की देर रात चाकू से गला काट कर बिजली मिस्त्री की हत्या कर दी गई। जानकारी लगने पर मौके पर पहुंचे परिवार वाले बेसुध हो गए। वहीं ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने बताया कि युवक के गले पर चाकुओं से वार किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
क्षेत्र के बजीरनगर निवासी लाखन (25) एक निजी इलेक्ट्रिशियन था और लोगों के घरों में बिजली सही करने का काम करता था। बृहस्पतिवार को वह शाम को करीब सात बजे के आसपास घर से गांव में ही पत्नी से किसी के घर की बिजली ठीक करने को कहकर निकला था, इसके बाद दो घंटे बाद नहीं लौटने पर पत्नी ने फोन किया तो बताया कि अभी उसको कुछ देर लग जाएगी। इसके बाद रात तक नहीं लौटा तो परिवार वाले इसको ढूंढने निकले। बताया जा रहा है कि गांव के बाहर जंगल में लाखन की लाश मिली। उसके गले पर चाकुओं से वार कर मौत के घाट उतारा गया था।
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। आसपास लोगों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिविल लाइन इंस्पेक्टर शरद पंवार ने बताया कि अभी इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। बताया जा रहा है कि लाखन के दो बेटे और एक बेटी है जो उसके साथ गांव में रहते थे। हत्या के बाद पूरा परिवार सदमे में हैं।