Rampur: पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बोले, 2024 में विपक्ष को लगेगा 440 वोल्ट का झटका

मुख्तार अब्बास नकवी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि अभी तो विपक्ष के गठबंधन की गठरी में 40 का झोल दिखा है, 2024 में 440 वोल्ट का झटका दिखेगा। सोमवार को रामपुर में पत्रकारों द्वारा विपक्षी एकता और महाराष्ट्र घटना पर पूछे गए सवाल के जवाब में नकवी ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष का हिट एन्ड रन का हठ, हिट विकेट की हैट्रिक के साथ 24 के चुनावी मैदान में भी चारो खाने चित होगा।
नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम की गिनती ने विपक्ष का गणित बिगाड दिया है, विपक्ष ना उन्हें अकेले हरा सकता है, ना इकट्ठा अखाड़े में गिरा सकता है। यूसीसी पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में नकवी ने कहा कि कामन सिविल कोड पर कांग्रेस और कुछ विपक्ष के अंतर्विरोध” का उनके ही सदस्य अन्तरात्मा की आवाज से अंत करेंगे। कहा कि यह समावेशी, संवैधानिक सुधार किसी मजहबी आस्था पर अतिक्रमण नहीं बल्कि मानवीय मूल्यों की सुरक्षा, सशक्तिकरण सुनिश्चित करेगा, समावेशी सुधार पर सांप्रदायिक वार के पीछे समाज में बिखराव, टकराव की साम्प्रदायिक साजिश है। सात दशकों से कम्युनल कारीगरों की क्रिमिनल करतूत से कारागार में कैद कॉमन सिविल कोड की रिहाई का यही समय है, सही समय है।
उन्होंने कहा कि शासन से शासक और सुशासन से शख्सियत बनती है, इस बात को मोदी ने साबित किया है। पॉलिसी पैरालिसिस की परंपरा को मोदी ने रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म के परिणाम” से खत्म किया है। नकवी ने कहा कि मोदी साम्प्रदायिक वोटों की ठेकेदारी को समावेशी विकास की हिस्सेदारी से ध्वस्त कर धर्म, जाति, क्षेत्र की संकीर्ण सियासी संस्कृति को हाशिए पर लाए हैं।शंकरपुर स्थित अपने आवास पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक की और कहा कि मोदी सरकार के 9 वर्ष सुशासन, समृद्धि और समावेशी सशक्तिकरण से भरपूर है , कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को लेकर लोगों के बीच में जाएं।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अभय गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी, राकेश मिश्रा, जागेश्वर दयाल दीक्षित, कपिल आर्या, राजीव मांगलिक, खलील अहमद, रियासत अली, वसीम खान, सोनू लोधी, आकिल, बशीर अहमद, संजय चंद्रा, समर सिंह चौहान, महा सिंह राजपूत, योगेंद्र चौहान, राजकुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे।