Rampur News: नाबालिग से दुष्कर्म में महिला समेत दो को 10 साल की कैद
रामपुर। बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के मामले में कोर्ट ने महिला समेत दो लोगों को 10-10 साल की कैद और 13-13 हजार रुपये जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई है।दुष्कर्म का मामला बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ले का है। पांच जून 2020 को एक व्यक्ति ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें आरोप लगाया कि उसकी बेटी मोहल्ले के ही एक घर गई थी, जहां पर आरोपी ने महिला के साथ मिलकर उसकी नाबालिग बेटी को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। घटना की रिपोर्ट सिविल लाइंस क्षेत्र के अजीतपुर निवासी मोहित सक्सेना और बब्ली पाठक के खिलाफ दर्ज कराई थी। पुलिस ने विवेचना के बाद मामले की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की। कोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई।
सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से एडीजीसी कमल कुमार गुप्ता ने वादी मुकदमा समेत कई गवाहों के बयान दर्ज कराए साथ ही आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की, जबकि बचाव पक्ष ने आरोपियों को झूठा फंसाने की दलील दी। एडीजीसी ने बताया कि दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद एडीजे सात रमेश कुशवाहा ने दोषी मोहित सक्सेना और बब्ली पाठक को 10-10 साल की कैद व 13-13 हजार रुपये जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई है।