Rampur News: 25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल
शाहबाद (रामपुर)। डकैती में वांछित चल रहा बदमाश पुलिस मुठभेड़ में दाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़ा गया बदमाश बावरिया गैंग का सदस्य है।
शनिवार देर शाम इंस्पेक्टर करनपाल सिंह पुलिसकर्मियों के साथ ओसी चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान गहनी चौराहे पर एक बाइक सवार व्यक्ति आता हुआ दिखा। बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नही रुका। पुलिस ने उसका पीछा किया तो वह ओसी चौराहे पर बाइक से कूदकर पुलिस पर फायरिंग करते हुए खेत में भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की फायरिंग में वह दाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पकड़ा गया बदमाश बदायूं के थाना आलापुर क्षेत्र के गांव ककराला निवासी अंजुम उर्फ अंजुम उर्फ शाकिर है। पुलिस ने मौके से बिना नंबर की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना पर एएसपी डॉ. संसार सिंह, सीओ शाहबाद केएन आंनद, सीओ मिलक अनुज चौधरी समेत फोरेंसिक टीम भी घटना स्थल पर पहुंची और जानकारी की।
बीते साल 13 दिसंबर की रात नकाबपोश अज्ञात बदमाशों ने शाहबाद के लोधीपुर गांव के किसान कर्मवीर और कुंवरपाल के घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। विरोध करने पर किसानों के साथ मारपीट भी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में बदमाश सैफ अली खान, बाबू उर्फ वसीम को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था। बाबू उर्फ वसीम के पैर में गोली लगी थी। शनिवार रात घायल हुआ बदमाश भी उसी डकैती में वांछित था। वह बावरिया गैंग का सदस्य था।


