Rampur News: मनपसंद स्कूल न मिलने पर 65 शिक्षकाें का तबादले से किनारा
रामपुर। बेसिक स्कूलों में शिक्षकों को अंतरजनपदीय तबादले रास नहीं आए। शिक्षकों को गृह जनपद अथवा मनपसंद स्कूल नहीं मिला तो उन्होंने तबादला निरस्त करा लिया। जिले में ऐसे करीब 65 शिक्षक हैं, जिन्होंने गृह जनपद या मनपसंद स्कूल न मिलने पर तबादला निरस्त कराया है। अब ऐसे शिक्षक अंतरजनपदीय पारस्परिक तबादले में आवेदन कर रहे हैं।
बेसिक स्कूलों में अंतरजनपदीय तबादला प्रक्रिया में 225 शिक्षक गैर जिलों से तबादले पर रामपुर आए। इनमें से 50 शिक्षकों का 69,000 शिक्षक भर्ती मामले को लेकर तबादला निरस्त हुआ। शेष 175 शिक्षकों को जिले में आकर ज्वाॅइन करना था। इनमें से 140 शिक्षकों ने ही विभाग में पहुंचकर अपनी आमद कराई है। शेष 35 शिक्षकों ने अपना तबादला निरस्त करा लिया। इसी प्रकार रामपुर से 90 शिक्षकों को अन्य जिलों के लिए रिलीव किया, जिनमें से 60 शिक्षकों ने अन्य जिलों में आमद कराई है, जबकि शेष 30 शिक्षक तबादला निरस्त कराते हुए रामपुर के ही स्कूलों में ड्यूटी कर रहे हैं। तबादला निरस्त कराने का मुख्य कारण शिक्षकों को मनपसंद और नजदीक के स्कूल न मिलना है।
दरअसल, तबादले से पहले शिक्षकों ने जिलेवार स्कूलों में नजदीकी ब्लॉकों के स्कूलों में रिक्त पदों की स्थिति को देखा था। शासन ने स्कूल आवंटन प्रक्रिया को ऑनलाइन किया। इसमें केवल वह स्कूल खुलेंगे, जिनमें आरटीई के अनुसार पद रिक्त हैं। रामपुर में अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षकों के पद रिक्त हैं। शाहबाद और स्वार ब्लॉक क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों के पद रिक्त हैं, जबकि तबादला होकर आए अधिकतर शिक्षकों को जिला मुख्यालय या इसके नजदीक के स्कूल चाहिए। इसी वजह से रिक्त पदों को देखकर मनपसंद स्कूल न मिलता देख शिक्षक तबादले से कदम पीछे खींच गए हैं।
वरिष्ठ सहायक नवीन विष्ट ने बताया कि तबादला होकर आए 140 शिक्षकों ने आमद कराई है। शेष किन्हीं कारणों से यहां पर नहीं आए। इनके स्कूल आवंटन की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इस बारे में शासन से कोई आदेश नहीं आया है। पारस्परिक तबादले की प्रक्रिया 18 जुलाई तक होगी।
पारस्परिक तबादले में एक-दूसरे को तलाश रहे शिक्षक
विभाग ने अंतरजनपदीय पारस्परिक तबादले के लिए 18 जुलाई तक आवेदन मांगे हैं। अंतरजनपदीय तबादले का लाभ नहीं मिलने पर शिक्षक पारस्परिक तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। इसके लिए शिक्षक एक-दूसरे की तलाश कर रहे हैं। उदाहरण के तौर पर रामपुर से अगर कोई शिक्षक दूसरे जिले में जाना चाहता है, तो उसे संबंधित जिले में स्कूल से अपने पद के अनुरूप शिक्षक को तलाशना पड़ेगा, जो रामपुर आने का इच्छुक होगा। दोनों के बीच सहमति होने पर वह पारस्परिक तबादला का लाभ ले सकेंगे।