Rampur News: वन संपदा से लदी पिकअप समेत एक तस्कर गिरफ्तार, एक फरार
मिलकखानम (रामपुर)। मिलकखानम पुलिस ने पीपली वन क्षेत्र से काटकर लाई जा रही खैर समेत अन्य प्रजाति की लकड़ी से लदी पिकअप समेत एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ वन अधिनियम और भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया। मिलकखानम थानाध्यक्ष केके मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस का गश्ती दल पीपली वन क्षेत्र के आसपास उत्तराखंड सीमा पर भ्रमण कर रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पीपली वन से खैर और अन्य प्रजाति की कीमती लकड़ी लादकर पिकअप वाहन में निकलने वाली है। इस सूचना पर पुलिस पीपली वन डाम पर पहुंची जहां पिकअप को आते देखा। उसे घेराबंदी करके रोक लिया गया। इस दौरान एक तस्कर पुलिस को चकमा देते हुए पिकअप से कूदकर भाग गया लेकिन एक तस्कर को दबोच लिया गया।
पुलिस वन संपदा से लदी पिकअप थाने लेकर पहुंची। पकड़े गए तस्कर ने अपना नाम राजेन्द्र सैनी पुत्र गेंदालाल निवासी आवास विकास कालोनी थाना गदरपुर जनपद उधमसिंह नगर बताया है। फरार तस्कर जितेंद्रसिंह पुत्र अज्ञात निवासी कुलवंतनगर थाना गदरपुर जिला ऊधम सिंह नगर बताया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पिकअप में खैर प्रकाष्ठ के कुल 06 नग व लगभग 20 कुन्तल मिश्रित प्रजाति की लकड़ी बरामद हुई है। इस संबंध में आईपीसी की धारा 379/411 व 26/42 भारतीय वन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। राजेंद्र पुत्र गेंदालाल का न्यायालय में चालान भेज दिया गया है। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए दबिशें दी जा रही हैं।