Rampur News: शाहबाद में अधिकारियों ने सड़क किनारे से हटवाया अस्थायी अतिक्रमण
शाहबाद। शुक्रवार को अधिकारियों ने सड़क किनारे अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया। दोबारा अवैध कब्जा कर अस्थायी अतिक्रमण करने पर चेतावनी भी दी है। साथ ही कई व्यापारियों पर अर्थदंड भी लगाया है।
सीओ केएन आंनद, एसडीएम सुनील कुमार, ईओ शैलेंद्र सिंह और कोतवाल अजय कुमार मिश्रा समेत पुलिस बल ने अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। अभियान के अंतर्गत सर्वप्रथम रामपुर बस स्टैंड से बस को हटवाया। इसके बाद ढकिया, आंवला, बिलारी, चंदौसी चौराहे के बीच में सड़क किनारे किए गए अवैध अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया गया। अतिक्रमण हटवाने के बाद दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत की ओर से कई व्यापारियों पर जुर्माना लगाकर अर्थ दंड के साथ दंडित किया गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान शाहबाद कस्बे में बैंकों के बाहर खड़ी बेतरतीब बाइकों को देखकर सीओ नाराज हो गए। सड़क से सटाकर बाइक चालकों ने अपनी बाइकें खड़ी कर दी थी। बेतरतीब बाइकों को देखकर सीओ ने बैंक के बाहर सुरक्षा में खड़े होमगार्डों को तलब कर दोबारा बेतरतीब बाइकें खड़ी करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। एसडीएम सुनील कुमार और ईओ शैलेंद्र सिंह ने अस्थायी अवैध अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी। इस दौरान कोतवाली पुलिस और नगर पंचायत कर्मी मौजूद रहे।