Rampur News: भाई की शादी में जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
मिलक (रामपुर)। बड़े भाई की बरात में शामिल होने आ रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि बाइक के पीछे बैठा युवक भी गंभीर घायल हो गया। ग्रामीणों ने मोबाइल नंबर की मदद से परिवार वालों को सूचित किया तो विदाई की रस्मे छोड़ दूल्हा परिवार समेत मौके पर पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के जिला अस्पताल भेज दिया। जबकि बदहवास हालत में दूल्हे ने दुल्हन की विदाई की रस्में निभाई। पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जिला बरेली स्थित थाना मीरगंज के परौरा निवासी रामप्रताप के बड़े पुत्र संजू की बरात मिलक कोतवाली क्षेत्र के करींगा गांव में आई थी। उनका 21 वर्षीय छोटा पुत्र सोमेंद्र अपने भतीजे सनी के साथ बाइक से बरात में आ रहा था। इस दौरान बृहस्पतिवार की रात नौ बजे पटवाई मार्ग पर ग्राम पटिया के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर दोनों सड़क किनारे खाई में जा गिरे। हादसे में सोमेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठा सनी गंभीर घायल हो गया। रात तक दोनों के बरात में नहीं पहुंचने पर परिजन ने उनके मोबाइल नंबरों पर फोन किया। फोन मिलाने पर घंटी जा रही थी, लेकिन जबाव नहीं आया। सुबह तड़के पांच बजे ग्रामीण खेतों पर जा रहे थे। इस दौरान सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त बाइक को देखा। उसके समीप ही गंभीर रूप से घायल सनी पड़ा हुआ था। खाई में एक खून से लथपथ युवक का शव देखकर ग्रामीण को अनहोनी की आशंका हुई। इस दौरान खून से लतपथ पड़े सनी ने जैसे-तैसे ग्रामीणों को हादसे के बारे में बताया। जिसके बाद ग्रामीणों ने उससे मृतक युवक के नंबर लेकर पिता को मौत की सूचना दी। सुबह विदाई की रस्मे धरी की धरी रह गई। आनन-फानन में बड़ा भाई विवाह की अन्य रस्में छोड़ परिवार सहित मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शव को पोस्टमार्टम भिजवाने के बाद गमगीन दूल्हा अपनी बरात स्थान पर दोबारा पहुंचा औैर जैसे-तैसे दुल्हन को विदा कर घर ले गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।