Rampur News: बिजली कटौती को लेकर आप कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
रामपुर। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन कर प्रदेश की भाजपा सरकार को चेतावनी दी। इस दौरान एसई कार्यालय पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की गई। बताया गया कि दिल्ली और पंजाब की सरकारें बिना कटौती के 24 घंटे 300 यूनिट तक बिजली फ्री करा रही हैं जबकि यहां पर शहर को बिजली भी नसीब नहीं हो पा रही है।
सुबह करीब 11 बजे के आसपास सभी लोग एसई कार्यालय पर इकट्ठा हुए। यहां पर पहले सभी ने प्रदर्शन किया। इसके बाद विरोध जताते हुए कार्यालय के अंदर पहुंचे। इस बीच तख्तियों पर नारे लिखकर नारेबाजी की गई। इस दौरान एसडीओ को सीएम के नाम ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला ने कहा कि जनपद रामपुर में बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। जनता बिजली कटौती से त्राहि-त्राहि कर रही है। कहा कि पूरे प्रदेश में बिजली कटौती का संकट लोग झेल रहे हैं। गर्मी की वजह से लोग बेहाल होकर अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं और मौतें हो रही हैं। कहा रात में बिना सक्षम अधिकारी के बिजली विभाग के लोग उपभोक्ताओं के घरों में चोरों की तरह दाखिल हो रहे हैं और जबरन उपभोक्ताओं के मीटर उतारे जा रहे हैं। सभी के मीटरों को टेंपर बताकर रिश्वत की डिमांड की जा रही है, जो उपभोक्ता रिश्वत न दे उसको मनमाना नोटिस भेजा जा रहा है। बताया कि दिल्ली और पंजाब की सरकारें बिना कटौती 24 घंटे 200 और 300 यूनिट बिजली जनता को फ़्री उपलब्ध करा रही हैं। कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि जब दिल्ली और पंजाब की सरकारें मुफ्त 24 घंटे बिजली उपलब्ध करा सकती हैं तो उत्तर प्रदेश की सरकार जनता को देश में सबसे महंगी और बिना कटौती 24 घंटे बिजली क्यों उपलब्ध नहीं करा पा रही है। कहा कि चेकिंग के नाम पर जनता का उत्पीड़न रोका जाए अन्यथा आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बहुत जल्द बिजली विभाग के खि़लाफ़ भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इस मौक़े पर जिलाध्यक्ष अंसार अहमद, मामून शाह, सभासद मो. यासीन, सभासद मो. जफर, आरिफ, सिकंदर, जमील अहमद, मो. अहमद, सरफराज अली, वकील अहमद, आसिफ मियां, समीना बी, शाहीन बी, आरती ठाकुर, जमील अहमद अंसारी, नन्ने अली, वकील अहमद,नसीर, मो. तारिक, मुराद खां, कादिर, अलीम समेत तमाम लोग मौजूद रहे।