Rampur News: पीजी में 600 सीटों पर हुए दाखिले, आज जारी होगी दूसरी मेरिट लिस्ट
रामपुर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड यूनिवर्सिटी से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में पीजी की 2200 सीटों में से 600 सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। दाखिले की यह प्रकिया 30 सितंबर तक चलेगी। कॉलेजों में पहली मेरिट में 600 सीटें भरी जा चुकी हैं। अब दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी।
शहर के राजकीय रजा डिग्री कॉलेज में पहली मेरिट के आधार पर 16 सितंबर तक छात्र-छात्राओं को दाखिला लेने का मौका दिया था। जिसमें 300 के करीब छात्र-छात्राएं कॉलेज में दाखिला ले चुके हैं। अब रिक्त रह गईं सीटों को भरने के लिए दूसरी मेरिट जारी की जाएगी।
राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में एमए में 80 छात्राएं दाखिला ले चुकी हैं। वहीं स्वार व बिलासपुर के राजकीय डिग्री कॉलेज में पहली मेरिट के आधार पर छात्र-छात्राओं के प्रवेश अभी हो रहे हैं। इन कॉलेजों में अब तक 200 छात्र-छात्राओं ने दाखिला ले लिया है। कुल मिलाकर अब तक 600 सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। अभी भी पीजी की 1600 सीटें खाली हैं।
राजकीय रजा डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपा अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को दूसरी मेरिट जारी की जाएगी। मेरिट में स्थान पाने वाले अभ्यर्थी अपने शैक्षिक प्रमाण पत्रों के साथ प्रवेश समिति के समक्ष दाखिला लेना सुनिश्चित करें।