Rampur News: भाषण प्रतियोगिता में अंबर वशिष्ठ ने पाया पहला स्थान

संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Fri, 01 Dec 2023 01:40 AM IST
रामपुर। मुरादाबाद की आरएसडी एकेडमी में बृहस्पतिवार को मंडलीय युवा महोत्सव का आयोजन हुआ। जिसमें लोकनृत्य समूह, पोस्टर, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। मंडल के प्रत्येक जिले के विद्यालयों से प्रतिभागी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत उपनिदेशक युवा कल्याण बीसी श्रीवास्तव ने की। भाषण प्रतियोगिता में एक भारत, श्रेष्ठ भारत विषय पर जिले के छात्र अंबर वशिष्ठ ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा लोकगीत समूह व लेखन प्रतियोगिता में शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज किला की छात्राओं ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इनको प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी जय सिंह ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान वाले प्रतिभागी को लखनऊ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। इस मौके पर मंडल व जिला स्तर के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद


