Rampur News: आजम खां के दोषमुक्त फैसले के खिलाफ अपील तैयार, शासन को भेजने की तैयारी
रामपुर। सपा नेता आजम खां के दोषमुक्त फैसले के खिलाफ सरकार ने अपनी अपील तैयार कर ली है। शीघ्र ही जिलाधिकारी के माध्यम से अपील विधि विभाग को भेजी जाएगी। कुछ दिन पूर्व नफरती भाषण प्रकरण में निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए सेशन कोर्ट ने आजम खां को क्लीनचिट देते हुए बरी कर दिया था। नफरती भाषण मामले में 27 अक्टूबर 2022 को सपा नेता आजम खां को एमपी एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल ने दो साल की सजा और जुर्माना अदा करने की सजा सुनाई थी। इस फैसले के खिलाफ आजम खां ने एमपी एमएलए कोर्ट सेशन ट्रायल में अपील दाखिल की थी। जिस पर सुनवाई के बाद सेशन कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को निरस्त करते हुए बीती 24 मई को आजम खां को बरी कर दिया था। इसके बाद राजनीतिक हल्को में आजम खां को लेकर चर्चा तेज हो गई थी और फैसले का अवलोकन करने के बाद सरकार की ओर से अपील करने की बात कही गई थी। शासकीय अधिवक्ताओं के पैनल ने विचार विमर्श के बाद आजम खां के बरी होने के फैसले की विस्तृत अपील तैयार की है और अपील तैयार होने के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी। प्रभारी संयुक्त निदेशक अभियोजन एसपी पांडे ने बताया कि आजम खां के बरी होने के फैसले को चुनौती देने के लिए अपील अभियोजन की टीम द्वारा तैयार की गई है और शीघ्र ही जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी।