Rampur News: 28 विद्यालयों में होगा आजम के स्कूल की छात्राओं का प्रवेश
रामपुर। सपा नेता आजम खां का रामपुर पब्लिक स्कूल (आरपीएस) गर्ल्स विंग बंद होने के बाद अब छात्राओं को दूसरे स्कूलों में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने शहर के 28 स्कूलों का चयन करके सूची अभिभावकों को दी है। अभिभावक इन स्कूलों में छात्राओं को प्रवेश दिला सकते हैं। एडमिशन की प्रक्रिया बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों की निगरानी में होगी। ऐसे में छात्राओं को कोई परेशानी नहीं आएगी। विभाग ने अभिभावकों की मदद के लिए कंट्रोल रूम भी खोल दिया है। शिक्षा विभाग की जमीन पर जौहर ट्रस्ट की ओर से संचालित तोपखाना रोड स्थित रामपुर पब्लिक स्कूल का भवन छिन चुका है। शुक्रवार को इस स्कूल के भवन को खाली कराकर प्रशासन ने सील कर दिया। शासन के आदेश पर हुई इस कार्रवाई के बाद स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के भविष्य पर संकट के बादल मंडराने लगे। इसको देखते हुए शिक्षा विभाग ने छात्राओं को दूसरे स्कूल में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
डीएम के आदेश पर छात्राओं की पढ़ाई की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को सौंपी गई है। दोनों अफसरों ने पिछले दिनों स्कूल पहुंचकर अभिभावकों से वार्ता भी की थी। स्कूल की ओर से 565 छात्राओं की सूची बीएसए को सौंपी गई थी। इन छात्राओं को प्रवेश दिलाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शहर के 28 स्कूलों का चयन किया गया है। जिन स्कूलों का चयन किया गया है, उनमें सीबीएसई स्कूलों के अलावा यूपी बोर्ड, बेसिक शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त के साथ ही विभाग का मॉडल मांटेसरी स्कूल भी शामिल है।
अभिभावक इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क
बेसिक शिक्षा विभाग ने अभिभावकों की समस्याओं के लिए कंट्रोल रूम खोल दिया है। बीएसए दफ्तर में खोले गए कंट्रोल रूम के नंबर 8439717489 के साथ ही नगर शिक्षाधिकारी के कंट्रोल रूम नंबर 0595-4063162 पर संपर्क किया जा सकता है। बीएसए संजीव कुमार ने बताया कि अभिभावक किसी भी कार्य दिवस में कंट्रोल रूम पर फोन करके एडमिशन से संबंधी समस्या की शिकायत कर सकते हैं। तुरंत समाधान किया जाएगा।
– आरपीएस की कक्षा एक से आठ तक की छात्राओं का दूसरे स्कूलों में एडमिशन कराया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अभिभावक अपनी पसंद के अनुसार स्कूल का चयन कर सकते हैं। उस स्कूल में प्रवेश दिलाने में कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। – संजीव कुमार, बीएसए, रामपुर
इसलिए बंद हुआ आजम का स्कूल
सपा शासन में आजम खां के जौहर ट्रस्ट को माध्यमिक शिक्षा विभाग की जमीन 41181 वर्ग फीट जमीन लीज पर मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के संचालन के दी गई थी। लीज की शर्तों में इस बात का उल्लेख था कि आवंटन के एक साल के अंदर इस जमीन पर यूनिवर्सिटी के कार्यालय का निर्माण कराया जाएगा, लेकिन ट्रस्ट के अध्यक्ष आजम खां ने यहां पर सपा का कार्यालय शुरू कर दिया।
बाद में रामपुर पब्लिक स्कूल का संचालन शुरू करा दिया तो खाली पर जमीन पर नया सपा कार्यालय बना लिया, जिसे दारूल आवाम नाम दिया। भाजपा सरकार आने पर विधायक आकाश सक्सेना ने इसकी शिकायत शासन से की। इसके बाद शासन के आदेश पर डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने जांच कराके रिपोर्ट शासन को भेजी तो इस बात का उल्लेख किया था कि लीज पर दी गई जमीन का उपयोग नियम विरुद्ध तरीके से किया जा रहा है, जो शर्तों का उल्लंघन है। लीज में ये बात भी शामिल थी कि शर्तों का उल्लंघन किए जाने पर आवंटन निरस्त हो जाएगा। इसके बाद सरकार ने लीज निरस्त करते हुए जमीन को वापस शिक्षा विभाग को दिलाने का आदेश दिया। इसके चलते प्रशासन ने आरपीएस स्कूल और सपा कार्यालय खाली करा लिया।