Rampur News: बाबू निपटा रहे आईजीआरएस पर आईं शिकायतें, 21 अधिकारियों को नोटिस
रामपुर। आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का समाधान अधिकारियों ने बाबूओं के भरोसे छोड़ दिया है, जिस पर डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने नाराजगी जाहिर करते हुए माह अगस्त 2023 में डिफॉल्टर श्रेणी में पहुंचने वाली शिकायतों से संबंधित 21 अधिकारियों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी कर दिया है।जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्टर सभागार में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की समीक्षा की और जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जमकर फटकार लगाई। कहा कि अधिकारी कार्यालय में निर्धारित समय पर बैठकर जनसुनवाई करें और गंभीर मामलों में मौके का निरीक्षण करके गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के प्रति गंभीर बनें। आइजीआरएस पोर्टल की प्रतिदिन समीक्षा स्वयं करें किसी बाबू अथवा पटल सहायक के भरोसे रहकर आधार रहित आख्या अपलोड करने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि आमजन की शिकायत के निस्तारण में आधार रहित और समस्या से हटकर आख्या लगाने का मामला अत्यंत आपत्तिजनक है इससे यह स्पष्ट होता है कि अधिकारी द्वारा शिकायत को गंभीरता पूर्वक नहीं लिया जा रहा है। ऐसे लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की भी समीक्षा की और सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर अधिकारियों को विस्तृत दिशा निर्देश दिए। जनपद में संचालित अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई को लेकर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी नन्द किशोर कलाल की देखरेख में आगामी एक माह तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
वहीं बिलासपुर क्षेत्र में अवैध अस्पतालों के विरुद्ध छापामार कार्रवाई में लापरवाही को लेकर नोडल अधिकारी डॉ राजकुमार को उन्होंने चेतावनी नोटिस जारी करने के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से बीते छह माह में सीज किए गए अवैध अस्पतालों की स्थिति को लेकर रिपोर्ट तलब की है। बैठक में सीडीओ नन्दकिशोर कलाल, जॉइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जैन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एसपी सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।