Rampur News: पांचवें दिन भी जारी रहा भाकियू असली का धरना, तहसीलदार से नोकझोंक
रामपुर। शाहबाद में भाकियू असली के जिलाध्यक्ष हाजी मोहम्मद रफीक के नेतृत्व में तहसील शाहबाद में चल रहा बेमियादी धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। दरअसल, भाकियू असली संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शाहबाद के पस्तोर गांव में लेखपाल और कानूनगो द्वारा पैमाइश में गड़बड़ी की है।
इसको लेकर संगठन के कार्यकर्ता लाउडस्पीकर पर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। भाकियू जिलाध्यक्ष हाजी मोहम्मद रफीक ने बताया कि धरने के दौरान तहसीलदार राकेश कुमार सोनी ने संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। वहीं तहसीलदार सोनी ने बताया कि ऑफिस के बाहर लाउडस्पीकर पर किसान चिल्ला रहे थे। जिससे काम में बाधा उत्पन्न हो रही थी। जिसके बाद उनसे और स्पीकर बंद करके खामोशी के साथ धरना प्रदर्शन को कहा था। इसी बात से कार्यकर्ता उत्तेजित हो गए थे।
उधर, तहसीलदार के खिलाफ भाकियू के लोग धरना देने के लिए रणनीति बना रहे थे। हालांकि धरना प्रदर्शन समाप्त करने के लिए एसडीएम सुनील कुमार ने प्रयास किए, लेकिन के कार्यकर्ताओं ने धरना खत्म करने से इन्कार कर दिया। कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होगी तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान कृपाल सिंह, भूरे, रामनाथ मोर्य, स्वराज, वेदराम सिंह, मुरारी, चंद्रपाल और इकरार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।संवाद


