Rampur News: पुलिस के खिलाफ भाकियू का बेमियादी धरना शुरू
रामपुर। जनपद पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ भाकियू टिकैत के सदस्यों ने मोर्चा खोल दिया। पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए भाकियू ने कलक्ट्रेट में बेमियादी धरना शुरू कर दिया। आरोप है कि पुलिस कोर्ट का आदेश भी नहीं मान रही है। आए दिन चोरी की वारदात हो रही है, लेकिन पुलिस उनकी रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कर रही है। कार्रवाई न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी गई है। धरना स्थल पर ही कार्यकर्ताओं ने भोजन भी बनाया।
जनपद के थानों में लोगों की सुनवाई न होने और आए दिन होने वाली चोरियों के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन ने कलक्ट्रेट में धरने की घोषणा की थी। सोमवार को दस बजे भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में कलक्ट्रेट पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। प्रदेश महासचिव हसीब अहमद ने बताया कि पुलिस अब कोर्ट के आदेश को भी नहीं मानती। पुलिस रुपये लेकर मनमाना काम कर रही है। शाहबाद में दो भाइयों की लड़ाई को तूल दे दिया और एक भाई का मकान खाली कराकर दूसरे भाई का ताला डलवा दिया। शादी की मडैयान गांव में विवादित भूमि पर खड़ी फसल दूसरे पक्ष से पलटवा दी। थाना भोट के हिम्मतनगर में किसान की जमीन में जबरन रास्ता खुलवा दिया। कहा कि कई थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं लेकिन पुलिस ने अभी तक किसी घटना की रिपोर्ट दर्ज की है। चेतावनी दी कि जब तक पुलिस का रवैया नहीं सुधरेगा उनका आंदोलन जारी रहेगा। इसके अलावा बीज और खाद की कालाबाजारी को रोकने की मांग की गई। किसानों ने धरनास्थल पर ही भोजन बनाना शुरू कर दिया है। जिला प्रवक्ता मंजीत सिंह अटवाल, राहत खां, अजित सिंह, लखविंदर सिंह गिल, जजवीर सिंह रंधावा, नीरज त्यागी, साबिर मास्टर ,चौधरी राजपाल सिंह, जावेद आलम, मोहम्मद जावेद, बब्बू चीमा, नदीम खां, छिदा नेता, जोगेंद्र सिंह, नल सिंह, सेवा राम, अजगर अली, मेहंदी हसन, वसीम, अनीस अहमद, खलील अहमद, नाजिम , सलमान खां, जसवंत सिंह, जब्बार ,चंदन महान, रामकुमार, नरोत्तम मौजूद रहे।


