रामपुर

Rampur News: टूरिस्टों की कार से बाइक सवार वृद्धा की मौत, बेटा घायल

Connect News 24

मसवासी। नैनीताल से लौट रहे पर्यटकों की तेज रफ्तार कार ने शुक्रवार की रात बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में सवार चार युवक एवं युवतियां नशे में थे। एहतियात के तौर पर पुलिस उन्हें चौकी लेकर पहुंची। परिजन कानूनी कार्रवाई के बगैर शव अपने घर ले गए जबकि घायल को बाजपुर भेजा गया है।

मसवासी के मोहल्ला चांद मस्जिद निवासी इरशाद पुत्र नवाब जान शुक्रवार की शाम अपनी 75 वर्षीय मां सरवरी को दवा दिलाने के लिए उत्तराखंड के बाजपुर स्थित निजी चिकित्सक के यहां लेकर गया था। बताते हैं कि वह दवाई दिलाकर रात लगभग 10:30 वापस लौट रहा था। जैसे ही मानपुर उत्तरी स्थित धर्म कांटे के पास पहुंचा वैसे ही बाजपुर दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार मां-बेटे बीच मार्ग पर गिर गए। मां सरवरी की तत्काल ही मौत हो गई जबकि इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना स्थल पर राहगीरों एवं ग्रामीण की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने कार में सवार दो युवतियों और दो युवकों को कार समेत वहीं रोक लिया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार सवार सभी लोग शराब के नशे में धुत थे। पुलिस ने उन्हें मसवासी चौकी ले गई। इस बीच पुलिस ने शव का पंचनामा भरा लेकिन परिजन पोस्टमार्टम के बगैर ही शव घर ले गए। हालांकि घायल इरशाद को एंबुलेंस से बाजपुर भेज दिया गया। देर रात पर्यटकों को छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया जिसके चलते कार सवार लोगों को गंतव्य की ओर भेज दिया गया। कार सवार पर्यटक संभल के बताए गए हैं और कार पर भारत सरकार लिखा हुआ था, लेकिन पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button