Rampur News: बाइक सवार बदमाशों ने मुनीम से 90 हजार लूटे
रामपुर। बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम सात बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने वसूली कर लौट रहे सब्जी व फल की आढ़त के मुनीम प्रकाश सिंह बिष्ट से तमंचे के बल पर 90000 रुपये लूट लिए। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर सीओ भी मौके पर पहुंच गए। यह घटना राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के गांव शिवनगर के पास हुई। कोतवाली क्षेत्र की ईसानगर पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव खेमरी निवासी प्रकाश सिंह बिष्टउत्तराखंड के जिला उधम सिंह नगर रूद्रपुर में फल और सब्जी की एक आढ़त पर मुनीम का कार्य करते हैं। प्रकाश सिंह बिष्ट के अनुसार वह शनिवार को नगर में सब्जी व फल विक्रेताओं से वसूली करके बाइक से अपने घर शाम करीब खेमरी जा रहे थे। शाम सात बजे रामनगर और शिवनगर के बीच में पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करके उनकी बाइक को रोक लिया।
इस दौरान बदमाशों ने तमंचों के बल पर उनकी जेब से वसूल किए गए करीब 90000 रुपये लूट लिए। विरोध किया तो उन्हें मारापीटा और जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने किसी तरह राज्यमंत्री के गांव पहुंचकर मामले की जानकारी लोगों को दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पीड़ित ने तत्काल मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह व ईसानगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित से बातचीत कर बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी की।
सूचना पाकर पुलिस क्षेत्र अधिकारी रवि खोखर भी रात में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस पीड़ित को ईसानगर चौकी ले गई, जहां उनसे घटना की पूरी जानकारी ली। सीओ ने बताया कि मुनीन के साथ लूट हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


