Rampur News: शाहबाद में सड़क पर फिसली बाइक, महिला की मौत
रामपुर। प्रसव कराकर बाइक से लौट रही दाई सरोज (55) की सड़क हादसे में मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव रखकर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने समझाकर शव पोस्टमार्टम को भेजा दिया। बुधवार को शाहबाद के ढकिया चौकी क्षेत्र के रवाना पट्टी गांव निवासी दिव्यांग जगदीश की पत्नी सरोज (55) गांव में दाई (प्रसव कराने) काम करती थी। बरेली जिले के थाना सिरौली क्षेत्र के गुलड़िया कलां गांव निवासी व्यक्ति के परिवार में गर्भवती को प्रसव पीड़ा हुई थी। इस पर गुलड़िया कलां गांव निवासी व्यक्ति बाइक से सरोज को घर लेकर गया था।
परिजनों के अनुसार, प्रसव के बाद गुलड़िया कला गांव निवासी व्यक्ति सरोज को गांव पट्टी में छोड़ने आ रहा था। पट्टी गांव के पास बारिश से हुए जलभराव में बाइक फिसल गई, जिससे महिला सड़क पर गिर गई। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ बाइक सवार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की और जाम लगाने की कोशिश करने लगे। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि महिला गांव के प्राइमरी स्कूल में रसोईया भी थी। बुधवार शाम तक कोई भी तहरीर नही दी गई थी।