Rampur News: भाजपाइयों ने किया हंगामा तो डीएम ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
रामपुर। नगरपालिका परिषद रामपुर की मतगणना के दौरान गड़बड़ी का आरोप लगाकर भाजपा प्रत्याशी के मतगणना एजेंटों ने हंगामा शुरू कर दिया। मतगणना स्थल के बाहर धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। नारेबाजी की सूचना पर डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि माहौल खराब करेंगे तो कार्रवाई होगी। निष्पक्ष ढंग से मतगणना हो रही है। अगर इसमें कोई खलल डालेगा तो उसे बर्बाद कर दूंगा।
शनिवार को दोपहर लगभग दो बजे भाजपा प्रत्याशी के पति डॉ. तनवीर अहमद एजेंटों के साथ मतगणना केंद्र के अंदर दाखिल हो गए और उन्होंने आरोप लगाया कि मगगणना गलत ढंग से हो रही है। अधिकारियों ने जब उनको बाहर जाने के लिए कहा तो वो लोग वहीं पर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसके बाद जैसे-तैसे पुलिस कर्मियों और फोर्स ने उनको बाहर किया तो मतगणना केंद्र के गेट के बाहर ही उन्होंने जमीन पर बैठ कर काफी देर तक जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और फोर्स ने काफी देर तक समझाने की कोशिश भी की। इस बीच कई दफा मतदान कर्मी भी आवाज सुनकर कुर्सियों पर से उठकर देखने लगे। जिसके बाद एडीएम ने उनको माइक पर अपने निश्चित स्थान पर बैठने के लिए सलाह दी और प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिदायत दी, लेकिन काफी देर तक जब स्थितियां नही संभली तो प्रशासन के आला अधिकारियों को सूचित किया गया। जिसके बाद 10 मिनट के अंदर मतगणना केंद्र में डीएम रविंद्र मांदड़, सीडीओ और फिर एसपी भी पहुंच गए। इधर, कोतवाली पुलिस के साथ ही पीएसी का दल भी मतगणना केंद्र पर पहुंच गया। इस दौरान डीएम ने सख्त लहजे में प्रदर्शन करने वालों को चेतावनी दी कि यदि जल्द वह धरने से न उठे तो अंजाम सही नहीं होगा। इसके बाद उन्होंने फोर्स को लोगों को हटाने के निर्देश दिए।

