Rampur News: दुल्हन का शादी से इन्कार, बीच रास्ते से लौटी बारात
रामपुर। अजीमनगर थाना क्षेत्र निवासी युवक की बारात बीच रास्ते से ही वापस लौट आई। दुल्हन पक्ष से दूल्हा पक्ष के लोगों के पास फोन आया और कहा कि बारात लेकर वापस लौट जाओ। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी दुल्हन पक्ष नहीं माना। इसके बाद बारात बीच रास्ते से ही लौट गई। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के परिवार पर दहेज मांगने का आरोप लगाया है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का निकाह टांडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से तय हुआ था। यह रिश्ता दो साल पहले तय हुआ था। अब शादी थी। शादी के लिए बुधवार को बारात घर से निकली थी। इस बीच दूल्हा पक्ष के लोगों के पास फोन आया कि बारात वापस ले जाओ, लड़की ने शादी से इन्कार कर दिया है।
फोन से दुल्हन पक्ष को मनाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने साफ इन्कार कर दिया। इसके बाद बारात वापस गांव पहुंच गई। दूल्हे पक्ष से कुछ लोग टांडा कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरा माजरा बताया। पुलिस ने दुल्हन पक्ष से संपर्क साधकर मामले की हकीकत जानी। इस दौरान दुल्हन पक्ष ने पुलिस को बताया कि उन्होंने तीन दिन पहले ही लेनदेन के कारण रिश्ता खत्म कर लिया था। उक्त लोग दहेज मांग रहे थे, जिसकी वजह से रिश्ता खत्म कर दिया। किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।