Rampur News: शहर की सीमा पर आशियाना बनाना होगा महंगा
रामपुर। शहरी सीमा से सटे इलाकों में जमीन खरीदकर आशियाना बनाना अब और महंगा हो जाएगा, क्योंकि इन इलाकों में 10 से 15 फीसदी तक सर्किल रेट बढ़ाने का खाका तैयार किया गया है। फिलहाल इस पर आपत्तियां मांगी गई हैं। आज से आपत्तियां दाखिल की जा सकती हैं। आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद नए सर्किल रेट लागू कर दिए जाएंगे। शासन के आदेश पर जमीनों के सर्किल रेट हर साल निर्धारित किए जाते हैं। इन सर्किल रेट को निर्धारित करने के लिए प्रशासन की ओर से पिछले एक माह से माथापच्ची की जा रही है। इसी क्रम में प्रशासन की ओर से अब सर्किल रेट की सूची प्रस्तावित करते हुए इसे तहसीलों में आपत्ति के लिए प्रदर्शित कर दी गई हैं। जिले में जमीनों के सर्किल रेट में 10 से 15 फीसदी तक की वृद्धि की जा रही है। प्रस्तावित रेट लिस्ट में सबसे ज्यादा वृद्धि शहरी इलाकों की सीमा पर की जा रही है। इसके तहत मसलन, अजीतपुर, पसियापुरा बाईपास के साथ ही हाईवे पर जीरो प्वाइंट से लेकर शहजादनगर जीरो प्वाइंट पर सर्किल रेट 15 फीसदी तक बढ़ाए जा सकते हैं।
इसके अलावा स्वार रोड पर हजरतपुर, घाटमपुर, सींगनखेड़ा, जौहर यूनिवर्सिटी के आसपास, हमसफर रिजार्ट के आसपास की जमीनों के सर्किल रेट भी बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इसी तरह नैनीताल रोड पर बमनपुरी स्टेडियम, पनवड़िया, गर्वमेंट प्रेस रोड पर भी करीब 15 फीसदी तक की वृद्धि करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही जौहर रोड व शौकत अली रोड के साथ ही साईं विहार, लक्ष्मीनगर, राम विहार काॅलोनी में भी सर्किल रेट बढ़ाने की योजना है। अभी सर्किल रेट पर आपित्तयां मांगी गई हैं।
तहसीलों में चार सितंबर तक दाखिल कर सकते हैं आपत्तियां
जमीनों के नए प्रस्तावित सर्किल रेट की सूची का प्रदर्शन करने के बाद इन पर अब सोमवार से आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व हेम सिंह ने प्रस्तावित रेट लिस्ट को तहसील कार्यालयों में भेज दिया है। इस रेट लिस्ट का प्रदर्शन कर दिया गया है। इन पर चार सितंबर तक आपत्तियां मांगी गई हैं। कोई भी व्यक्ति सर्किल रेट पर चार सितंबर तक आपत्ति दाखिल कर सकता है। इसके बाद इनका निस्तारण करते हुए अंतिम सूची जारी की जाएगी।