Rampur News: रोडवेज बस की टक्कर से व्यापारी की मौत
रामपुर। बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर बाइक सवार कुर्सी व्यापारी सिंगारा सिंह (55) की रोडवेज बस की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मोहल्ला बिशारत नगर निवासी सिंगारा सिंह बाइक से प्लास्टिक की कुर्सी बेचने का काम करते थे। वह शनिवार रात करीब 10 बजे किसी काम से बाइक से घर से नगर की ओर आ रहे थे। नगर से करीब एक किलोमीटर पहले नैनीताल हाईवे स्थित पुरी पेट्रोल पंप के पास रोडवेज बस चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही सिंगारा की मौत हो गई। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चालक बस सहित मौके से फरार हो गया, इससे यह भी नहीं पता चला कि बस किस डिपो की थी।
कुछ ही देर में घटनास्थल पर भीड़ लग गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। शिनाख्त होने पर पुलिस ने मामले की सूचना परिजनों को दी। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।


