Rampur News: घर के बाहर सो रहे युवक को कार चालक ने रौंदा, मौत
बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डिबडिबा की पद्मा नगर कॉलोनी में रविवार की रात अपने घर के बाहर सो रहे एक युवक को कॉलोनी निवासी एक कार चालक ने लापरवाही से रौंद दिया, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र की रूद्र विलास चौकी क्षेत्र के ग्राम डिबडिबा की पद्मा नगर कॉलोनी निवासी राजवीर पुत्र हरेंद्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसका भाई वीर सिंह (40) कॉलोनी में ही एक छोटे मकान में रहता था। रविवार की रात मकान में गर्मी लगने से वह अपने घर के बाहर दरवाजे के समीप रोड पर सो रहा था। इस दौरान मोहल्ले का ही राहुल पुत्र दुर्गा प्रसाद अपनी स्विफ्ट गाड़ी लेकर तेजी से उसके भाई को घर के सामने से उसे रौंदता हुआ चला गया। घायल की चीख पुकार सुनकर मौके पर मोहल्ले के तमाम लोग पहुंच गए। वह भी मौके पर पहुंच गया और वह अपने भाई को रात में ही गंभीर हालत में एक चिकित्सक के पास लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह शव को अपने घर वापस ले गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह चौकी पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम को भेज दिया पुलिस ने राजवीर की ओर से राहुल के खिलाफ धारा 279, 304 ए के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है। मृतक अविवाहित था और अपने छोटे से घर में अकेले रहता था।

