Rampur News: बौद्धिक मूल्यांकन परीक्षा में बच्चों ने लिखे जवाब
रामपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के 1266 प्राथमिक विद्यालयों में मंगलवार को बौद्धिक मूल्यांकन परीक्षा कराई गई। जिसमें कक्षा 2 से 5 तक के बच्चे शामिल हुए। 16890 बच्चों ने परीक्षा छोड़ दी।
मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह के निर्देशन में मंडल के सभी जनपदों में यह परीक्षा कराई गई। रामपुर में इस परीक्षा के लिए 97597 बच्चे पंजीकृत थे। जिनमें 80707 बच्चों ने परीक्षा दी। परीक्षा सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक हुई। जिसमें 50 अंकों में बच्चों से उनके विषयों से संबंधित 10-10 प्रश्न पूछे गए। इनमें हिंदी, गणित, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान आदि विषय से प्रश्न पूछे गए थे। बच्चों को प्रश्नपत्र में ही उत्तर पुस्तिका दी गई थी। जिस पर उन्होंने प्रश्नों के जवाब लिखकर दिए। प्रभारी बीएसए शेर सिंह ने बताया कि परीक्षा के जरिए बच्चों के पठन-पाठन का स्तर जांचा जाएगा। शिक्षकों के प्रयासों का आकलन होगा।
उत्तर पुस्तिकाओं को विद्यालयों से ब्लॉक संसाधन केंद्र पर जमा कराया है। यहां से ये पुस्तिकाएं जनपद के अन्य ब्लॉक संसाधनों पर भेजी जाएंगी। जहां पर संबंधित ब्लॉक के शिक्षक मूल्यांकन करेंगे। इस परीक्षा का परिणाम 19 मई को जारी होगा। जिससे बच्चों की शैक्षिक स्थिति का पता लगेगा।