Rampur News: सहकारी समिति सदस्यता अभियान में रामपुर तीसरे स्थान पर
रामपुर। जिले की सहकारी समितियों पर किसानों का कुनबा बढ़ाने के लिए सहकारिता विभाग की ओर से चलाए जा रहे सदस्यता अभियान में रामपुर प्रदेश में तीसरे और मंडल में दूसरे स्थान पर बना है। यहां की 64 सहकारी समितियों पर अभी तक पांच हजार से अधिक सदस्य जोड़े जा चुके हैं। यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। प्रदेश में पहला स्थान अमरोहा और दूसरा स्थान शाहजहांपुर जिले का है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहकारिता को बढ़ावा देने के लिए सहकार से समृद्धि कार्यक्रम शुरू किया है, इसमें सहकारी समितियों पर सदस्य बनाए जा रहे हैं। सहकारिता के सहायक आयुक्त एवं निबंधक डॉ. गणेश गुप्ता ने बताया कि जिले के छह ब्लॉक में 17920 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सात सितंबर तक जिले में 5619 नए सदस्य जोड़े जा चुके हैं। बताया कि ग्राम पंचायतों के प्रधानों को भी निर्देश जारी कर दिए हैं कि वह सदस्य बनाने में सहयोग करें। इस मामले में अमरोहा प्रदेश में टॉप पर है। यहां की 45 समितियों में 4325 नए सदस्य जोड़े जा चुके हैं, जबकि शाहजहांपुर की 115 समितियों में 10336 सदस्य जोड़े गए हैं।
प्रत्येक समिति पर न्यूनतम 200-200 सदस्य बनाने का
जिले में 64 समितियां हैं। प्रत्येक समिति पर 200-200 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य है। सहायक आयुक्त एवं निबंधन डॉ. गणेश गुप्ता ने बताया ने बताया कि 221 रुपये का शुल्क देकर किसान सदस्य बन सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसान सदस्यता ग्रहण करेंगे तो उन्हें इसका काफी लाभ मिलेगा। काफी सुविधाएं उन्हें मिलेंगी, आगामी दिनों में सहकारिता के क्षेत्र में किसानों के सामने बड़ा अवसर होगा।