Rampur News: मीट कारोबारी से लूटपाट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
रामपुर। मिलकखानम क्षेत्र में पांच दिन पहले मीट कारोबारी से लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूट की बाइक, बकरी, मोबाइल और साढ़े सात हजार की नकदी बरामद की है। पुलिस ने बदमाशों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। स्वार के मोहल्ला चक स्वार निवासी सोमपाल की बिलासपुर मार्ग पर मटन मीट की शॉप है। तीन सितंबर की रात करीब दस बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान मिलकखानम रोड पर माटखेड़ा-कुम्हरिया गांव के बीच बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया और तमंचे के बल पर उसके साथ लूटपाट की थी। बदमाश उससे बाइक, बकरी, मोबाइल और छह हजार रुपये की नकदी लूट ली थी। पीड़ित ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पीपली वन के पास घेराबंदी कर उधमसिंह नगर के थाना गदरपुर के गांव रामजीवनपुर डोंगपुरी निवासी शिवम, निजाबुल और चंदन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लूट का सामान व नकदी भी बरामद कर ली। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि तीनों बदमाशों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।