Rampur News: आज से शुरू होगा जैन समाज का दशलक्षण पर्व
रामपुर। जैन समाज का दशलक्षण पर्व आज शुरू होगा। जो 28 सितंबर तक मनाया जाएगा। इस पर्व पर जैन समाज के लोग अभिषेक, पूजन व विधान आदि के कार्यक्रम श्री मंदिर जी में करते हैं एवं अपनी इंद्रियों पर संयम रखकर जैन धर्म के इन दस धर्म का पालन करते हुए उपवास आदि रखते हुए आत्मा की शुद्धि के लिए प्रयासरत रहते हैं। सोमवार को जैन समाज ने मंदिर में तैयारियां भी कीं। जैन समाज के प्रवक्ता संदेश जैन ने बताया कि श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर मोहल्ला साहूकारा में इस पर्व की तैयारी पिछले एक सप्ताह से चल रही हैं। बताया कि सांगानेर जयपुर से आए हुए शास्त्री जी सभी धार्मिक क्रियाओं को विधि विधान से संपन्न करेंगे और रात्रि में श्रद्धालुओं की ज्ञान क्षमता को बढ़ाने के लिए प्रवचन आदि भी करेंगे। बच्चों एवं बड़ों के लिए प्रतिदिन धार्मिक ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं भी दसों दिन चलेगी। जिसमें विजय प्रतियोगियों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। जैन समाज के संरक्षक नरेश चंद्र जैन, अध्यक्ष नरेश कुमार जैन, मंत्री नवीन कुमार जैन एडवोकेट, सांस्कृतिक मंत्री प्रियांशु जैन इस सारी व्यवस्था में लगे हुए हैं। दशलक्षण पर्व के उपरांत आगामी 30 सितंबर को क्षमा वाणी पर्व मनाया जाएगा। पांच अक्टूबर को भगवान महावीर के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए धार्मिक रथ यात्रा निकाली जाएगी।



