Rampur News: 18 घंटे बाद मिले तालाब में डूबे दो छात्रों के शव
रामपुर। तालाब में डूबे मोहल्ला शाहूजी नगर निवासी विशेष कुमार (16) और प्रिंस (14) के शव 18 घंटे के बाद बुधवार की सुबह पीएसी के प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम ने ढूंढ निकाले। शव मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को देखने से रोक दिया और सीधे पोस्टमार्टम को भेज दिया। जिससे परिजन मोहल्ले के लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों की पुलिस से काफी नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया।
मिलक के मोहल्ला शाहूजी नगर निवासी सुनील गोस्वामी का 16 वर्षीय पुत्र विशेष कुमार और वीरपाल का 14 वर्षीय पुत्र प्रिंस मंगलवार की दोपहर एक बजे घर से निकले थे। दोनों नगर के रेलवे क्रॉसिंग पर एक भट्टे के पीछे बने तालाब पर पहुंचे और नहाने लगे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए। शाम तक दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को तालाब में डूबने की आशंका हुई। पुलिस को सूचना देने के बाद भी प्रशासन ने कोई गोताखोर नहीं भेजा। जिससे नाराज होकर परिजनों ने रात में एसडीएम के आवास का घेराव कर दिया। परिजनों की पुलिस से काफी नोकझोंक भी हुई, लेकिन रात में एसडीएम ने गोताखोरों को भेजने से इन्कार कर दिया। सीओ अनुज चौधरी ने गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर भेज दिया था।
सुबह करीब छह बजे पीएसी के गोताखोर तालाब में उतरे और एक घंटे के भीतर दोनों छात्रों के शवों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को शव नहीं दिखाए और सीधे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छात्रों के शव न दिखाने पर परिजन और आसपास के लोग आक्रोशित हो गए और कोतवाली में पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने तीखी नोकझोंक के बाद परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए।
रात को लगे थे मछुआरे
छात्रों की डूबने के बाद परिजनों ने पुलिस व प्रशासन से मदद मांगी, लेकिन कोई भी गोताखोर नहीं पहुंचा। जिसके बाद परिजनों ने शाम छह बजे कुछ मछुआरों को छात्रों की तलाश में लगाया, लेकिन छात्रों के शव नहीं मिल सके थे।
शवों से आ रही थी दुर्गंध
मंगलवार की दोपहर डूबे छात्रों के शव बुधवार की सुबह पीएसी के प्रशिक्षित गोताखोरों को कई बार तालाब को खंगालने के बाद तालाब के पिछले छोर पर अटके मिले। 18 घंटे पानी में रहने के वजह से शव काफी फूल गए थे। साथ ही दुर्गंध भी आने लगी थी। जिसके चलते पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सीधे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

