Rampur News: बैनामा लेखक के लापता बेटे का शव पानी से भरी खंदक में मिला
स्वार। नगर पंचायत नरपत नगर में दो दिन से लापता बैनामा लेखक के युवा बेटे का शव पानी से भरे खंदक में पड़ा मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर पंचायत नरपत नगर निवासी सत्यदेव मौर्या स्वार तहसील परिसर में बैनामा लेखक का कार्य करते हैं। उनका 28 वर्षीय बेटा अंशु शनिवार की रात लगभग 10 बजे घर से निकला था। उसके बाद वह वापस नहीं आया। परिजन ने उसके मोबाइल पर कॉल लगाई लेकिन वह स्विच ऑफ मिला। युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने से परिजन चिंतित हो उठे। किसी तरह रात काटी। सोमवार की सुबह रिश्तेदारी व आसपास उसे तलाश करना शुरू किया। इसी दौरान शाम लगभग 4 बजे स्वार रोड पर पश्चिम दिशा में एक ढाबे के बराबर पानी से भरी खंदक में ऊपर हाथ उठा हुआ देखा। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सत्यदेव मौर्य के परिवार के लोग भी वहां आ गए। खंदक से बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान अंशु के रूप में हुई। शव मिलने से परिजन का रोते-रोते बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी आ गई। उसने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।


