रामपुर

Rampur News: डेंगू का प्रकोप, एक दिन में 33 मरीज मिले

Connect News 24

रामपुर। जिले में डेंगू के मच्छर खूब डंक मार रहे हैं। शुक्रवार को जिलेभर में 33 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें शहर में 17 लोगों को डेंगू हुआ है। शाहबाद ब्लॉक क्षेत्र के गांव कूप में 12 और मधुपुरी में चार लोगों की रिपोर्ट डेंगू पॉजीटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग और पंचायती राज विभाग की ओर से गांवों में सघन अभियान चलाकर साफ-सफाई कराई गई और लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया गया।

कूप गांव में डेंगू के मरीज सामने आने के बाद सीएमओ डॉ. एसपी सिंह और जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. केके चहल गांव में पहुंचे। यहां पर छह घरों में मच्छरों का लार्वा मिला। गृहस्वामियों को घर में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। सीएमओ ने कहा कि घरों में गमले, टायर, फ्रिज की ट्रे आदि में पानी का जमाव न होने दें। इनमें मच्छरों का लार्वा पनपता है। घर व आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई करते रहें। मौके पर मौजूद पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान से सीएमओ ने बात की। जिसके बाद गांवों में नाले व नालियों की सफाई कराई गई।

गांव के महेंद्र सिंह, पवन सिंह, राजकुमार, सुभाष, बिंटू गुप्ता, सुबोध सिंह व प्रमोद चौहान ने बताया कि गांव में नियमित रूप से सफाई न होने की वजह से बीमारियां पनप रही हैं। घर-घर में लोग बीमार हो रहे हैं। जिसके बाद सीएमओ ने ग्राम प्रधान व सचिव को इस ओर ध्यान देने के आदेश दिए। शाहबाद ब्लॉक के ही गांव मधुपुरी में चार लोगों की रिपोर्ट डेंगू पॉजीटिव आई है। इसके अलावा शहर में 17 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इस प्रकार जिले में अब तक डेंगू के 85 मामले आ चुके हैं।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button