Rampur News: दलित वोटरों को साधने के लिए भाजपा ने हंसराज पर खेला दांव
रामपुर। भाजपा ने शुक्रवार को अनुसूचित जाति मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य हंसराज पप्पू को भारतीय जनता पार्टी का नया जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया। हंसराज को जिलाध्यक्ष बनाने के पीछे भाजपा की 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए दलित वोटरों साधने की कोशिश की है। हंसराज पप्पू को अभय गुप्ता की जगह जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। भाजपा ने पहली बार जिले में किसी दलित नेता को जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी है।भारतीय जनता पार्टी में नए जिलाध्यक्ष की तलाश काफी लंबे समय से चल रही थी। करीब तीन माह से चल रही जिलाध्यक्ष की दौड़ में 25 से ज्यादा नाम सामने आए थे। सभी एक के बाद एक कर इस रेस से बाहर होते चले गए। भाजपा नेतृत्व ने लंबे समय तक मंथन करने के बाद आखिरकार शुक्रवार को भाजपा के जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी।
भाजपा की ओर से जारी की गई सूची में रामपुर जिलाध्यक्ष पद के लिए हंसराज पप्पू का नाम घोषित किया गया। हंसराज पप्पू 2007 से भाजपा से जुड़े हुए हैं और विभिन्न पदों पर रहते हुए पार्टी के लिए काम किया। वह संघ से भी जुड़े रहे हैं। उनकी पत्नी चमरौआ से भाजपा के टिकट पर ब्लाॅक प्रमुख भी रह चुकी हैं। उनकी दलित वोटरों पर पकड़ अच्छी रही है। भाजपा ने हंसराज पप्पू को जिलाध्यक्ष बनाकर 2024 के लिए दलित वोटरों पर निशाना साधा है। माना जा रहा है कि पप्पू को जिलाध्यक्ष बनाने से दलित समाज के बड़े वोट भाजपा के पाले में आएंगे।
जिलाध्यक्ष बनने पर पप्पू का किया जोरदार स्वागत
भाजपा के जिलाध्यक्ष पद पर हंसराज पप्पू के नाम की घोषणा होने के बाद भाजपाइयों में उनका जोरदार स्वागत किया। भाजपा के तमाम कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए पहुंच गए। इस दौरान उनको फूलमालाओं से लाद दिया गया।
हंसराज बोले, पार्टी की उम्मीदों पर उतरेंगे खरा
भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष हंसराज पप्पू ने कहा कि भाजपा नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है, इसलिए पार्टी नेताओं के भरोसे पर वह खरा उतरने की कोशिश करेंगे। सभी कार्यकर्ताओं को एक साथ लेकर चलेंगे और 2024 के चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी के हित में काम किया जाएगा।
अभय के नेतृत्व में जीते कई चुनाव
अभय गुप्ता के जिलाध्यक्ष के कार्यकाल में भाजपा ने एक दो नहीं बल्कि कई चुनाव जीते। अभय 2019 में जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे। इसके बाद तीन एमएलसी के चुनाव हुए। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लाॅक प्रमुख के चुनाव हुए और उसमें भाजपा ने जीत दाखिल की। इसके साथ ही लोकसभा का उप चुनाव हुआ, जिसमें रामपुर सीट भाजपा के खाते में आई। इसके अलावा शहर सीट पर हुए उपचुनाव में भी भाजपा ने कब्जा जमाया। अभय गुप्ता ने कहा कि कई सीट ऐसी रहीं जिस पर पार्टी को पहली बार जीत मिली। अब नए जिलाध्यक्ष के साथ मिलकर पार्टी को मजबूत बनाने का काम किया जाएगा।